चंदन मिश्रा हत्याकांड में STF की बड़ी कार्रवाई, मुख्य शूटर तौसीफ सहित 4 गिरफ्तार

कोलकाता:चर्चित चंदन मिश्रा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मुख्य आरोपी तौसीफ उर्फ बादशाह सहित कुल चार लोगों को कोलकाता के आनंदपुर स्थित एक गेस्टहाउस से पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पटना पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, इनपुट और अन्य पहलुओं पर गहनता से जांच की गई. इसी क्रम में कोलकाता पुलिस और एसटीएफ के सहयोग से कोलकाता में छापेमारी कर मुख्य आरोपी तौशीफ उर्फ बादशाह को पकड़ लिया.

बिहार पुलिस की और से जारी बयान के अनुसार शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि हत्या की साजिश नीशू खान के आवास पर रची गई थी और वारदात को अंजाम मुख्य रूप से तौसीफ ने दिया. पुलिस अब अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है और इस मामले से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है.

बिहार पुलिस ने बताया कि पटना पुलिस सभी आरोपियों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत पटना लाने की तैयारी कर रही है. इस पूरे मामले में कोलकाता पुलिस और एसटीएफ का सहयोग अत्यंत सराहनीय रहा. कोलकाता पुलिस द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने लगातार पटना पुलिस को हर जरूरी सहयोग प्रदान किया.

हत्याकांड से दो दिन पहले गए थे पारस अस्पताल
तौसीफ और नीशू खान के साथ पकड़ा गया हर्ष घटना से दो दिन पहले शूटर को पारस अस्पताल ले गया था और कमरा नंबर 209 भी दिखाया था. जहां चंदन मिश्रा का इलाज चल रहा था. उसने ही पारस अस्पताल में घुसने और वहां से भागने की रेकी भी कराई थी.

क्या है पूरा मामला
बिहार की राजधानी पटना के पारस अस्पताल में चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था. वीडियो में साफ-साफ देखा जा सकता है कि अपराधी खुलेआम अस्पताल में घुसे, गोलियां चलाईं और फरार हो गए.
हत्या के मामले में जेल में बंद चंदन मिश्रा की तबीयत बिगड़ने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बताया जा रहा है कि उसके विरोधी गुट के बदमाशों ने अस्पताल पहुंचकर चंदन की हत्या कराई है.
इस घटना को लेकर बिहार पुलिस की खूब फजीहत हुई थी. इस मामले में पांच पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया था.
अपराध नियंत्रण में लापरवाही बरतने के आरोप में शास्त्री नगर थाना में पदस्थापित एक पुलिस अवर निरीक्षक स्तर के अधिकारी, दो सहायक अवर निरीक्षक स्तर के अधिकारी और दो सिपाही को निलंबित किया गया था. इन सभी पर कर्तव्यहीनता का आरोप लगाया गया है.
सामने आई जानकारी के अनुसार समनपुरा में रहने वाला नीशू को पहले से ही गोली लगी हुई थी. वह लकवाग्रस्त भी है. वह भी गुरुवार को चंदन मिश्रा की हत्या के बाद फरार हो गया था. नीशू ने पारस अस्पताल के पास स्थित अपने घर में शूटर को पनाह दी थी. एसटीएफ और पटना पुलिस की कार्रवाई शनिवार की शाम को कोलकाता के अलग-अलग ठिकानों पर हुई.

तौसीफ के परिजनों ने ही इन पांचों शूटर के कोलकाता भागने का सुराग पुलिस को दिया था. जिन पांच शूटर ने वारदात को अंजाम दिया है उनमें तौसीफ उर्फ बादशाह, माेनू, बलवंत, अभिषेक और नीलेश शामिल हैं.

Source:- NDTV India

  • सम्बन्धित समाचारहरु

    राजर्षिजनक विश्वविद्यालयको ९औँ वार्षिकोत्सव सम्पन्न, डिजिटल प्रणालीमा लैजाने घोषणा

    Read more

    चक्रवाती आँधी ‘अर्नब’को सम्भावित असरलाई लिएर सरकार उच्च सतर्कतामा

    Read more

    Leave a Reply